देहरादून: SGRRU में ‘द्रौपदी चीर हरण’ के मंचन ने सबको किया विभोर
देहरादून: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में बुधवार को आयोजित कल्चरल वीक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। छात्र-छात्राओं ने हरियाणवी, राजस्थानी, पंजाबी और गढ़वाली-कुमाऊंनी लोक गीत-संगीत के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रा अनामिका राज द्वारा ‘द्रौपदी चीर हरण’ का मंचन रहा, जिसने सभी दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।
गुरुवार को विश्वविद्यालय के प्रांगण में ‘नवरंग डांडिया 2.0’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों छात्र-छात्राएं और फैकल्टी सदस्य शामिल होंगे।
बुधवार को एकल नृत्य और समूह नृत्य की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। छात्रा अनुष्का ने मां काली का रूप प्रस्तुत किया, जो नवरात्र के अवसर पर भक्तिमय वातावरण का निर्माण कर गया। प्रणव एंड ग्रुप ने पंजाबी गीत ‘तू नी बोलदी रकाने तेरा यार बोलदा’ पर जोरदार प्रस्तुति दी। स्कूल ऑफ नर्सिंग की छात्राओं ने उत्तर पूर्वी राज्यों की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
साक्षी शर्मा ने स्कूल ऑफ पैरामेडिकल से सोलो प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि आर्यन डोगरा ने बॉलीवुड गीत गाकर युवा धड़कनों को और तेज कर दिया। अन्य प्रतिभागियों में अनामिका राज और ऋषभ जंगवान की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहा गया।
मोनू रोहिला एंड ग्रुप ने पारंपरिक मराठी लोक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं अनु शर्मा ने हरियाणवी गीत ‘ठाके टोकरी में मटक मटक चालूंगी’ पर मनमोहक नृत्य किया। ज्योत्सना एंड ग्रुप ने राजस्थानी गीत ‘रंगीलों माहरो ढोलना’ पर शानदार प्रस्तुति दी। स्कूल ऑफ योगिक साइंसेज की रुचि गुसाईं ने गढ़वाली-कुमाऊंनी गीतों पर नृत्य कर पहाड़ी संस्कृति की झलक पेश की।
कार्यक्रम का संचालन आयुष डोभाल और यूयुत्सा बत्र्थवाल ने किया। एनसीसी और स्टूडेंट काउंसिल के छात्रों ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायक मंडल में डॉ. दीपक सोम, डॉ. नवीन गौरव और डॉ. कंचन जोशी शामिल रहे। कार्यक्रम में कल्चरल कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. बलवीर कौर, सदस्य सचिव ईशा शर्मा, डॉ. प्रिया पांडे, डॉ. अनुजा रोहिला, डॉ. बिजेंद्र गुसाईं सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, फैकल्टी सदस्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।