उत्तराखंड: उपनल कर्मचारियों का आंदोलन स्थगित, मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के बाद जारी हुआ सकारात्मक निर्णय
देहरादून: उत्तराखंड के उपनल कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और सचिव सैनिक कल्याण के साथ विभिन्न आश्वासनों के बाद अपना आंदोलन रोक दिया। उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सकारात्मक निर्णय लेंगे, ताकि 25 हजार से अधिक उपनल कर्मचारियों को राहत मिल सके।
उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने 12 फरवरी से अपनी नौ सूत्री मांगों के समर्थन में प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार शुरू किया था। इस दौरान तब से 25 हजार से ज्यादा उपनल कर्मचारी कामकाज छोड़कर आंदोलन कर रहे थे।
प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शासन में वार्ता को गया, जिसमें विनय प्रसाद, प्रमोद गुसाईं, महेश भट्ट, गणेश गोदियाल शामिल हैं। यहां सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी व उपनल के एमडी बिग्रेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि.) ने उनसे आंदोलन स्थगित करने की अपील करते हुए मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा, उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर पूरा विश्वास है कि वे नौ सूत्री मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। इसके बाद सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, उपनल एमडी के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घोषणा की कि सभी उपनल कर्मियों का मानदेय 10 प्रतिशत बढ़ेगा, जिसका शीघ्र शासनादेश होगा।