देहरादून में अवैध निर्माणों पर MDDA की बड़ी कार्रवाई, सात जगह सीलिंग
देहरादून, 30 अक्टूबर। राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर सात स्थानों पर अवैध निर्माण सील किए। कार्रवाई के दायरे में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाई जा रही दुकानें और अन्य व्यावसायिक व निर्माणाधीन संरचनाएं शामिल रहीं।
विद्यासागर मार्ग से खलंगा तक कार्रवाई
MDDA की टीम ने विद्यासागर मार्ग पर गैस गोदाम के पास संजीव फरासी के निर्माण को सील किया। वहीं, सुंदरवाला स्थित विज्ञान विहार कॉलोनी, खलंगा क्षेत्र में छमी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही छह दुकानों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
रायपुर रोड पर शाह जनरल स्टोर के पास ऋषभ भंडारी द्वारा बनाई गई अवैध व्यावसायिक दुकानों को सील किया गया। इसके अलावा खलंगा क्षेत्र में अभय प्रताप सिंह के निर्माण पर भी प्राधिकरण ने कार्रवाई की।
देहराखास और सहस्रधारा रोड पर भी सीलिंग
अभियान के तहत देहराखास स्थित दून मेडिकल रोड पर अजय शर्मा और सौरभ जैन द्वारा किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। अस्थल रोड पर एचआईटी कॉलेज के सामने, थेवा माल देवता रोड क्षेत्र में कपिल और पुलकित के निर्माण पर भी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सहस्रधारा रोड पर विक्रम द्वारा किए जा रहे निर्माण को भी सील किया गया।
प्राधिकरण के अनुसार, सभी संबंधित स्थलों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अनधिकृत निर्माणों पर रोक लगाई गई है।
निर्माण से पहले नक्शा पास कराना जरूरी
MDDA अधिकारियों का कहना है कि शहर में सुनियोजित विकास के लिए भवन निर्माण से जुड़े नियमों और निर्धारित मानकों का पालन जरूरी है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण से नियोजन व्यवस्था प्रभावित होने के साथ भविष्य में सड़क, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।
अभियान के दौरान प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों और भवन निर्माताओं से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराने की अपील की।
वहीं, MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अनधिकृत निर्माण मिलने पर सीलिंग सहित आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।


