मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 की तैयारियां शुरू, ऐतिहासिक इमारतों में भी होंगे कार्यक्रम
देहरादून। मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में कार्निवाल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल और पर्यटकों की सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ऐतिहासिक इमारतों और स्मारकों से जुड़ेगा कार्निवाल
डीएम ने निर्देश दिए कि मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों और भवनों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें कार्निवाल के कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। इन स्थानों पर क्षेत्रीय इतिहास, लोक परंपराओं, लोककला और स्थानीय व्यंजनों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया।
इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मसूरी और उत्तराखंड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। प्रशासन का जोर कार्निवाल के माध्यम से मसूरी की विशिष्ट पहचान को सामने लाने और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर है।
यातायात, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्निवाल के दौरान मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़कों, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आयोजन की प्रत्येक गतिविधि में गुणवत्ता बनाए रखने को कहा।
दूसरे पर्यटन महोत्सवों के सफल प्रयोग भी अपनाए जाएंगे
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को देश के अन्य पर्यटन क्षेत्रों में आयोजित सफल कार्निवाल और पर्यटन महोत्सवों का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वहां की बेहतर व्यवस्थाओं और नए प्रयोगों को मसूरी की परिस्थितियों एवं विशेषताओं के अनुरूप अपनाने की संभावनाएं तलाशी जाएं।
स्थानीय कारोबार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने कहा कि विंटरलाइन कार्निवाल केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि पर्यटन संवर्धन और स्थानीय रोजगार से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। इससे होटल कारोबारियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं, स्थानीय कलाकारों और अन्य संबंधित लोगों के लिए आय के अवसर बढ़ सकते हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्निवाल की गतिविधियों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ मसूरी और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रचार-प्रसार भी किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटक हितैषी बनाना है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, उप नगर आयुक्त गौरव कुमार, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, सचिव अजय भार्गव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


