देहरादून- ग्राफिक एरा में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट का इंडक्शन प्रोग्राम शुरू, AI और नेतृत्व पर मिला मार्गदर्शन
पूर्व सेतु आयोग उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी बोले- भविष्य उन्हीं का है जो तकनीक और मानवीय संवेदनाओं में संतुलन बनाएंगे
देहरादून, 7 अगस्त। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के एमबीए इंडक्शन प्रोग्राम की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। कार्यक्रम में नए छात्र-छात्राओं का स्वागत रोचक गतिविधियों, इंटरैक्टिव खेलों और भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित प्रेरक सत्रों के साथ किया गया।
AI भविष्य की नई कार्य संस्कृति का आधार : राज शेखर जोशी
समारोह को संबोधित करते हुए सेतु आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) केवल एक तकनीकी क्रांति नहीं है, बल्कि यह भविष्य की नई कार्य संस्कृति का आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि बदलती दुनिया में वही युवा सफल नेतृत्व करेंगे, जो तकनीकी दक्षता के साथ नवाचार, मानवीय संवेदनाओं और दूरदर्शी सोच का संतुलन स्थापित करेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती तकनीकों को अपनाने, निरंतर सीखने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की सलाह दी।
यूनिवर्सिटी प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मंच : कुलपति
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने वाला संस्थान नहीं है, बल्कि यह छात्रों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मंच भी है। उन्होंने नए विद्यार्थियों को सीखने, नवाचार और नेतृत्व के अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
रोचक गतिविधियों से दूर हुई नए छात्रों की झिझक
इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान आयोजित आइस-ब्रेकिंग सत्र और विभिन्न इंटरैक्टिव गतिविधियों ने नए छात्र-छात्राओं की झिझक दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने ‘पास द हूप’, ‘चिट बाउल’ और ‘दमशराज’ जैसे रोचक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों ने नए मित्र बनाए, टीमवर्क का अनुभव प्राप्त किया और विश्वविद्यालय जीवन की शुरुआत यादगार अंदाज में की। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण से सहज रूप से जोड़ना और उनके व्यक्तित्व विकास के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना है।

