देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को डीएम सख्त, माइक्रो लेवल मोबिलिटी प्लान तैयार करने के निर्देश
राजधानी देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मोबिलिटी प्लान के तहत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए माइक्रो लेवल प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग स्थलों के बेहतर उपयोग, लंबित निर्माण कार्यों और आगामी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़कों, चौराहों और प्रमुख जंक्शनों के सुधार के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें और उसे शीघ्र धरातल पर उतारें।
आढ़त बाजार से लेकर परेड ग्राउंड तक परियोजनाओं की समीक्षा
समीक्षा बैठक में आढ़त बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, जंक्शन इम्प्रूवमेंट कार्य, पार्किंग उपयोगिता की मॉनिटरिंग, इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, मंडी शिफ्टिंग, परेड ग्राउंड पार्किंग और रामराय पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को शहर के प्रमुख चौराहों के सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर जल्द कार्य पूर्ण करने को कहा।
इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी
बैठक में इंदिरा मार्केट में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि यहां लगभग 1,050 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए एमडीडीए अधिकारियों को कार्यदायी संस्था के साथ बैठक कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों के बेहतर उपयोग के लिए नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि शहर में जाम की समस्या कम हो और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत बनेगी कार्ययोजना
जिलाधिकारी ने नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) के तहत पुलिस और नगर निगम को यातायात सुधार, प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंडी शिफ्टिंग, आढ़त बाजार सड़क सुधार, परेड ग्राउंड पार्किंग, रामराय पार्किंग समेत सभी लंबित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देहरादून की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए सभी विभागों को गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, एमडीडीए, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

