एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा प्रहार, ऋषिकेश में भवन सील, देहरादून के कई इलाकों में चला निरीक्षण अभियान
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों और स्वीकृत मानचित्र के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए शुक्रवार को ऋषिकेश और देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे एक बड़े भवन को सील कर दिया, जबकि देहरादून के राजपुर, जाखन, पुरकुल और डीआईटी मालसी समेत कई क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन पर सख्त चेतावनी दी।
एमडीडीए के अनुसार यह कार्रवाई उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देशों पर की गई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध या अनियोजित निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
ऋषिकेश में बिना अनुमति बन रहा भवन किया सील
प्रवर्तन अभियान के दौरान प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र के निर्मल ब्लॉक-बी, द गंगाज के निकट भवन स्वामी जखमोलो द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना कराया जा रहा था। इसके बाद टीम ने नियमानुसार भवन को सील कर दिया, ताकि आगे किसी प्रकार का निर्माण कार्य न हो सके।
सीलिंग की कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
देहरादून के कई क्षेत्रों में चला निरीक्षण अभियान
एमडीडीए ने देहरादून के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों राजपुर, जाखन, पुरकुल, डीआईटी मालसी और आसपास के इलाकों में भी विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के नेतृत्व में अधिकारियों ने निर्माणाधीन भवनों का स्थलीय निरीक्षण कर स्वीकृत मानचित्रों और मौके पर हो रहे निर्माण का मिलान किया।
निरीक्षण के दौरान कई निर्माणकर्ताओं को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं जहां स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण कार्य पाया गया, वहां संबंधित अधिकारियों को उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।
इस अभियान में क्षेत्रीय अवर अभियंता सचिन तोमर, सिद्धार्थ सेमवाल, विदिता कुमारी, पवन भट्ट सहित सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अभियान रहेगा लगातार जारी
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों, बिना स्वीकृति भवन निर्माण और स्वीकृत मानचित्र से अलग किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण का उद्देश्य सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करना और नागरिकों की सुरक्षा तथा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण गतिविधियों को नियमों के अनुरूप संचालित करना है।
निर्माण से पहले अनुमति लेना जरूरी: बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्रवर्तन टीमें लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं और बिना मानचित्र स्वीकृति या नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी नियमों का उल्लंघन मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निर्माण गतिविधियों पर लगातार नजर: मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं, ताकि अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

