देहरादून- सिटी फॉरेस्ट से पीएम आवास योजना तक परियोजनाओं का उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने किया निरीक्षण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नियोजित शहरी विकास के विजन को साकार करने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विकास परियोजनाओं की गति तेज कर दी है। बुधवार को एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की और गुणवत्ता, समयबद्धता तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, ट्रेंचिंग ग्राउंड, कालसी घाट और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन परियोजनाओं का जायजा लिया गया। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएंगी।
सिटी फॉरेस्ट को बनाया जाएगा आधुनिक और आकर्षक शहरी पार्क
सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने इसे उत्तराखंड के प्रमुख शहरी पार्कों में विकसित करने की योजना साझा की। उन्होंने पुराने ट्री हाउस के नवीनीकरण, पैदल मार्गों के दोनों ओर बारहमासी फूलों के रोपण, नदी किनारे बांस के पौधे लगाने, लोटस फाउंटेन विकसित करने तथा भारत माता मंदिर निर्माण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि पार्क में स्थापित 120 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र बिजली खर्च में लगभग 90 प्रतिशत तक की बचत कर रहा है, जो हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
जुलाई से शुरू होगा आमवाला तरला आवासीय योजना में कब्जा वितरण
एमडीडीए की आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को जुलाई माह से लाभार्थियों को आवासों का कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिसर में पौधारोपण करते हुए छायादार एवं फलदार वृक्षों की संख्या बढ़ाने, खुली पार्किंग को कवर करने तथा ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्याएं न उत्पन्न हों।
कूड़े के वैज्ञानिक पुनः उपयोग की बनेगी कार्ययोजना
सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक पुनः उपयोग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस संबंध में नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर रणनीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कचरे को बोझ नहीं बल्कि संसाधन के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
जुलाई में होगा कालसी घाट का लोकार्पण
कालसी स्थित यमुना नदी तट पर विकसित किए जा रहे घाट का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट पर मजबूत चेन लगाने, व्यापक पौधारोपण करने तथा शेष कार्यों को जुलाई तक पूरा कर लोकार्पण की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द मिलेगा घर
धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि 15 में से 10 टावरों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जिन टावरों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनमें 30 जुलाई से लाभार्थियों को कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए, जिससे सैकड़ों परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो सके।
हर परियोजना समय पर और गुणवत्तापूर्ण होगी : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्राधिकरण केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, आधुनिक शहरी सुविधाओं और सुनियोजित विकास के नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट, कालसी घाट, आवासीय योजनाएं और अन्य विकास परियोजनाएं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की जा रही हैं। साथ ही अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
जनहित और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की सभी विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रत्येक परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाओं में जल निकासी, हरित क्षेत्र, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता मिल सके। साथ ही नियोजित विकास को प्राथमिकता देते हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

