मसूरी में पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण और विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
मसूरी, 02 जून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी नगर पालिका टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी में पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 24 घंटे के भीतर पेयजल आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को पानी की लाइनों में होने वाले लीकेज को तत्काल चिन्हित कर उनकी मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि जल की बर्बादी रोकी जा सके और आम जनता को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में एक दिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याओं की समीक्षा एवं समाधान की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी में एसटीपी निर्माण, सीवर ट्रीटमेंट तथा पैचवर्क से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित सड़कों के निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही किमाड़ी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मॉल रोड के सुधारीकरण एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी चर्चा की गई। मंत्री जोशी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने इको पार्क एवं जीरो प्वाइंट पार्किंग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। बरसात के मौसम को देखते हुए मंत्री गणेश जोशी ने वन विभाग के अधिकारियों को ऐसे पेड़ों की पहचान कर उनकी समय रहते लॉपिंग करने के निर्देश दिए, जो दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों को पुराने विद्युत पोलों की शिफ्टिंग से संबंधित इस्टीमेट एवं अन्य आवश्यक कागजी कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान नगर पालिका द्वारा देहरादून-मसूरी मार्ग पर संचालित टोल व्यवस्था को फास्टैग आधारित बनाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को मसूरी में ई-ऑटो सेवा के ट्रायल रन प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, उपजिलाधिकारी राहुल कुमार, ईई लोक निर्माण विभाग राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

