ग्राफिक एरा हॉस्पिटल में हाइपरटेंशन जागरूकता सत्र आयोजित, विशेषज्ञों ने बताए बचाव के उपाय
“हाइपरटेंशन से बचना है तो ताजे फल-सब्जियां खाएं, नमक कम करें”
देहरादून। Graphic Era Hospital में वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे के अवसर पर शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के बढ़ते खतरे, इसके दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि हाइपरटेंशन को अक्सर “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि इसके लक्षण कई बार देर से सामने आते हैं। यदि समय रहते इसे नियंत्रित न किया जाए तो यह हृदय, किडनी, मस्तिष्क समेत शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।
डॉक्टरों ने सलाह दी कि उच्च रक्तचाप से बचने के लिए कम नमक वाला और पोटेशियम युक्त आहार अपनाना बेहद जरूरी है। ताजे फल और हरी सब्जियों का सेवन बढ़ाने, जंक फूड और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों से दूरी बनाने, पर्याप्त नींद लेने और नियमित व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने कहा कि धूम्रपान और शराब जैसी आदतें हाइपरटेंशन के खतरे को कई गुना बढ़ा देती हैं। ऐसे में इनसे दूरी बनाकर काफी हद तक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में लोगों को नियमित ब्लड प्रेशर जांच कराने और सिरदर्द, चक्कर, थकान या सांस फूलने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह भी दी गई।
‘हेल्थ संवाद’ डिजिटल हेल्थ मैगज़ीन का शुभारंभ
इस अवसर पर Graphic Era Hospital की ओर से ‘हेल्थ संवाद’ नामक डिजिटल हेल्थ मैगज़ीन का भी शुभारंभ किया गया। यह मासिक मैगज़ीन मरीज जागरूकता अभियान के तहत नियमित रूप से प्रकाशित की जाएगी, जिसमें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां, बीमारियों से बचाव के उपाय और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह शामिल होगी।
पैनल चर्चा में शामिल रहे विशेषज्ञ डॉक्टर
कार्यक्रम में आयोजित पैनल चर्चा में मेडिकल डायरेक्टर डॉ. पुनीत त्यागी, कार्डियोलॉजी विभाग के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. राज प्रताप, एंडोक्रिनोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार मिश्रा, न्यूरोसर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अंकुर कपूर और नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अरुण जोशी मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने मरीजों और उनके परिजनों के सवालों का सरल भाषा में जवाब देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

