रुद्रपुर में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत, चाऊमीन के पैसे मांगने पर भड़का विवाद, फायरिंग से मचा हड़कंप
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में शनिवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई। घटना रम्पुरा चौकी क्षेत्र स्थित कटोरी मंदिर के पास की बताई जा रही है, जहां कुछ युवकों और एक चाऊमीन विक्रेता के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चलने की नौबत आ गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात कुछ युवक चाऊमीन खाने के लिए ठेले पर पहुंचे थे। खाना खाने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवकों ने गुस्से में फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान की जा सके। वहीं कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर इस तरह खुलेआम फायरिंग होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग वास्तविक थी या डराने के उद्देश्य से की गई थी।

