देहरादून में पेंशनरों के लिए विशेष सत्यापन शिविर 22 और 24 अप्रैल को, अनुपस्थित रहने पर रुकेगी पेंशन
देहरादून, 17 अप्रैल 2026। जनपद में पेंशन योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने भौतिक सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा पेंशनरों के लिए विशेष सत्यापन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल के अनुसार, प्रथम चरण में दो विकासखंडों में शिविर आयोजित किए जाएंगे—
- 22 अप्रैल: सहसपुर ब्लॉक, ग्राम खुशहालपुर (पंचायत भवन)
- 24 अप्रैल: डोईवाला ब्लॉक, राइका बुल्लावाला
दोनों शिविरों में सुबह 11 बजे से पेंशनरों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
अनिवार्य दस्तावेज और उपस्थिति
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी पेंशनरों—वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा एवं परित्यक्ता—को स्वयं शिविर में उपस्थित होना होगा। साथ ही उन्हें अपने आधार कार्ड और वोटर आईडी की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य है।
यदि कोई पेंशनर निर्धारित तिथि पर सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसकी पेंशन की आगामी किस्त रोक दी जाएगी।
मौके पर ही पूरी होगी प्रक्रिया
शिविरों में ग्राम प्रधान, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। परिवार रजिस्टर की नकल भी मौके पर उपलब्ध कराकर सत्यापन प्रक्रिया को तुरंत पूरा किया जाएगा।
प्रशासन के सख्त निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और सभी पात्र पेंशनरों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी पेंशनर समय पर शिविर में पहुंचकर अपना सत्यापन कराएं, जिससे भविष्य में पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

