मा० प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट
देहरादून में प्रस्तावित प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम और संभावित जनपद भ्रमण के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के संभावित रूट का तुरंत निरीक्षण कर लिया जाए और मार्ग पर चल रहे सभी जरूरी कार्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने खास तौर पर सड़कों के सौंदर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत और सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
बिजली विभाग (यूपीसीएल) को निर्देशित किया गया कि संभावित रूट पर जहां-जहां अंडरग्राउंड केबलिंग का काम चल रहा है, वहां सड़क किनारे पड़ी केबलों को तत्काल हटाया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और मार्ग सुरक्षित बना रहे।
कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम को रूट और कार्यक्रम स्थल पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए निर्धारित रूट पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व स्वीकृतियां फिलहाल निरस्त कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

