सोसाइटी ऑफ 4G मिशन (गौ, गंगा, गांव, गायत्री) द्वारा 24–25 दिसंबर को भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन
देहरादून। सोसाइटी ऑफ 4G मिशन (गौ, गंगा, गांव, गायत्री) विगत 9 वर्षों से सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों और मेलों का सफलतापूर्वक आयोजन करती आ रही है। इसी निरंतरता के अंतर्गत संस्था का वार्षिकोत्सव 24 एवं 25 दिसंबर को नाइन पाम, जोगीवाला, देहरादून में आयोजित होने जा रहा है।
दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल किए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से—
• माता रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती
• स्वयंसेवक संघ की 100वीं जयंती
• उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उत्कृष्ट सम्मान समारोह
• सांस्कृतिक संध्या
• उत्तराखंड पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता
• विभिन्न इंस्टॉल एवं प्रदर्शनी जो कि आत्म निर्भर भारत पर केन्द्रित होगी साथ ही शीत कालीन पर्यटन पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस वर्ष का मेला “अतीत, वर्तमान और भविष्य” थीम पर आधारित होगा, जिसके माध्यम से समाज, संस्कृति, परंपरा और प्रगति के विविध आयामों को प्रस्तुत किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को जोड़ते हुए सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
संस्था के अध्यक्ष श्री सुभाष भट्ट ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। उन्होंने कहा कि “इस वर्ष का वार्षिकोत्सव पूर्व वर्षों की भांति और भी अधिक भव्य, सुसंगठित एवं दिव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों की भागीदारी इस आयोजन की मुख्य शक्ति है।”
संस्था ने प्रदेशवासियों सहित सभी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक संगठनों से इस आयोजन में सहभागिता का आग्रह किया है।

