₹1.25 करोड़ की ज्वेलरी चोरी मामला: यूपी कनेक्शन आया सामने, 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी खंगाल रहे सबूत
नैनीताल।
नैनीताल जिले के मुखानी थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलर्स शॉप से सवा करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में जांच तेज़ हो गई है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ अभी तक चोरी का माल नहीं लग सका है, लेकिन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश से जुड़े अहम सुराग सामने आए हैं।
घटना के खुलासे के लिए नैनीताल जिला पुलिस की कई टीमें यूपी के अलग-अलग जिलों में डेरा डाले हुए हैं। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले को सुलझाने के लिए 30 से अधिक तेज-तर्रार पुलिसकर्मियों को लगाया है। सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के इनपुट के आधार पर टीमें अलग-अलग दिशाओं में काम कर रही हैं।
कई राज्यों में दबिश, दर्जनों से पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। एसएसपी मंजू नाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीमें उत्तर प्रदेश के उन जिलों में सक्रिय हैं, जो नेपाल सीमा से जुड़े हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी दिशा में फरार हुए हैं।
इसके अलावा एक विशेष टीम सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की मूवमेंट ट्रैक करने में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकता है।
5 नहीं, ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका
जांच के शुरुआती चरण में पुलिस को लगा था कि इस चोरी की वारदात को पांच आरोपियों ने अंजाम दिया है, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, आरोपियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस को शक है कि यह किसी संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है।
पुलिस का दावा—जल्द होगा खुलासा
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर आधा दर्जन से अधिक टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं। जैसे-जैसे नए इनपुट मिल रहे हैं, उसी दिशा में पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही इस चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।

