मुख्यमंत्री धामी ने ₹8.61 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून, 1 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कुल ₹8.61 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन स्वीकृतियों के तहत देहरादून में विद्युत व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, जबकि उत्तरकाशी जिले में आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में बंच केबल (Bunch Cable) से वंचित क्षेत्रों में विद्युत विभाग द्वारा कराए जा रहे बंच केबल कार्यों के लिए ₹4.92 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुचारु होगी तथा बिजली संबंधी समस्याओं में कमी आएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले की भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत धराली, हर्षिल, डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट और मोरी क्षेत्रों में आपदा से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए 123 आवासीय भवनों के प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.69 करोड़ की मंजूरी दी है। प्रत्येक पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त आवास के लिए ₹3 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाना है, जिससे वे सामान्य जीवन की ओर तेजी से लौट सकें।

