गैरसैंण में गूंजेगा विधानसभा का बजट सत्र: 9 से 13 मार्च तक अधिवेशन, 11 मार्च को सीएम धामी पेश करेंगे बजट
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2026 के विधानसभा बजट सत्र की तिथियों का औपचारिक ऐलान कर दिया है। विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी द्वारा जारी शासनादेश के मुताबिक, राज्य का आय-व्ययक अधिवेशन 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में होगा।
पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार,
- 9 मार्च को सत्र का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के अभिभाषण से होगा।
- 10 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और चर्चा की जाएगी।
- 11 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन में प्रस्तुत करेंगे।
सत्र के शेष दिनों में बजट पर चर्चा और अन्य विधायी कार्य संपन्न किए जाएंगे।
मंत्रिमंडल की बैठक में बनी थी रूपरेखा
15 जनवरी 2026 को आयोजित धामी मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र को लेकर प्रारंभिक चर्चा हुई थी। मंत्रिमंडल ने सत्र की तिथियों और स्थान के निर्धारण के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया था। 21 जनवरी को मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि सत्र गैरसैंण में ही आयोजित किया जाएगा। अब उनकी सहमति के बाद तिथियों का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
तैयारियों को लेकर विभाग सक्रिय
विधानसभा सचिवालय को सत्र की अग्रिम तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वित्त विभाग ने सभी विभागों से आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजटीय प्रस्ताव मांगे हैं, जिन पर विभागवार मंथन चल रहा है। बजट का अंतिम प्रारूप जल्द ही मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पिछले वर्ष देहरादून में हुआ था सत्र
वर्ष 2025 में भी सरकार ने बजट सत्र गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया था, लेकिन भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मेंटेनेंस कार्य के चलते सत्र देहरादून में आयोजित किया गया था। अब मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है और सरकार ने इस बार सत्र गैरसैंण में कराने की तैयारी पूरी कर ली है।
गैरसैंण में बजट सत्र का आयोजन राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के विकास और क्षेत्रीय संतुलन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संकेत माना जा रहा है।

