उत्तराखंड लौटना चाहते हैं ऋषभ, जमीन खरीदने को लेकर सीएम धामी से लगाई मदद की गुहार
देहरादून: उत्तराखंड से जुड़े क्रिकेटर ऋषभ ने अपनी मातृभूमि में वापस लौटकर बसने और प्रदेश के विकास में योगदान देने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन खरीदने में मदद की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि वह लंबे समय से दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन जमीन खरीदने की प्रक्रिया और स्पष्टता के अभाव के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऋषभ ने मुख्यमंत्री धामी को टैग करते हुए लिखा कि वह उत्तराखंड के स्थानीय निवासी हैं और उन्हें अपनी मातृभूमि से बेहद प्रेम है। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से उत्तराखंड में जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक जमीन नहीं मिल पाई है।
सरकार से जमीन खरीदने की इच्छा जताई
ऋषभ ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह सरकार से किसी तरह का उपहार नहीं चाहते, बल्कि यदि अनुमति मिले तो वह सरकार से निर्धारित सरकारी दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं। उनका कहना है कि इससे वह उत्तराखंड में अपना पहला घर बना सकेंगे और अपनी मातृभूमि में स्थायी रूप से रहकर प्रदेश के लिए काम कर सकेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड वापस आकर अपने पहाड़ी लोगों के लिए काम करना और प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने जमीन खरीदने की प्रक्रिया को लेकर सरकार से सहयोग मांगा और कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस पूरी प्रक्रिया को कैसे आगे बढ़ाया जाए।
सीएम धामी ने दिया जवाब
ऋषभ की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।
सीएम धामी ने लिखा, “प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।”
मुख्यमंत्री ने ऋषभ की अपनी मातृभूमि के प्रति भावना और उत्तराखंड लौटकर प्रदेश के लिए योगदान देने की इच्छा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऋषभ द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है।
अधिकारियों को दिए संपर्क के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने अपने जवाब में आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारी जल्द ही ऋषभ से संपर्क करेंगे और नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री के इस जवाब के बाद उत्तराखंड में जमीन खरीदने और वापस प्रदेश में बसने की ऋषभ की कोशिश को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ऋषभ ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि वह उत्तराखंड से बाहर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए किसी उपहार की अपेक्षा नहीं रखते, बल्कि अपने राज्य में सरकार की निर्धारित दरों पर जमीन खरीदकर अपना घर बनाना चाहते हैं।

