‘गोलमाल 5’ को ‘दो और दो पांच’ से इंस्पायर्ड बताने पर रोहित शेट्टी का सख्त जवाब, बोले– बिना वेरिफिकेशन खबर चलाई तो होगी कानूनी कार्रवाई
बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी इन दिनों अपनी चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि फिल्म ‘गोलमाल 5’ पुरानी फिल्म ‘दो और दो पांच’ से इंस्पायर्ड है। इन खबरों के सामने आते ही अब रोहित शेट्टी ने इन अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अपनी चुप्पी तोड़ दी है।
रोहित शेट्टी पिक्चर्स ने जारी किया आधिकारिक बयान
रोहित शेट्टी पिक्चर्स की ओर से सभी मीडिया हाउस, डिजिटल प्लेटफॉर्म और पब्लिकेशन के लिए एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया गया है। बयान में साफ कहा गया है कि गोलमाल 5 को लेकर चल रही ये खबरें पूरी तरह गलत, भ्रामक और तथ्यहीन हैं।
स्टेटमेंट में कहा गया,
“कुछ डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर यह दावा किया जा रहा है कि ‘गोलमाल 5’ फिल्म ‘दो और दो पांच’ से प्रेरित है या उस पर आधारित है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि ये सभी दावे पूरी तरह से झूठे और गुमराह करने वाले हैं।”
बिना पुष्टि खबर चलाने पर चेतावनी
टीम ने मीडिया को चेतावनी देते हुए कहा कि
“रोहित शेट्टी या ‘गोलमाल 5’ से जुड़ी किसी भी खबर, अपडेट या स्पष्टीकरण को प्रकाशित करने से पहले हमारी आधिकारिक पीआर टीम यूनिवर्सल कम्युनिकेशंस से वेरिफाई किया जाना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर संबंधित प्लेटफॉर्म के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।”
साथ ही, सभी पोर्टल्स से यह भी अनुरोध किया गया है कि जो गलत खबरें पहले से प्रकाशित हो चुकी हैं, उन्हें तुरंत सुधारा या हटाया जाए।
‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी का शानदार सफर
रोहित शेट्टी ने साल 2006 में ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ से अपनी सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी की शुरुआत की थी। अजय देवगन, शरमन जोशी, अरशद वारसी और तुषार कपूर की यह फिल्म आज भी दर्शकों की पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती है। इसमें परेश रावल और रिमी सेन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद इसके चार पार्ट रिलीज हो चुके हैं, जिनमें करीना कपूर खान, कुणाल खेमू, अमृता अरोड़ा, परिणीति चोपड़ा और तब्बू जैसे सितारे भी शामिल रहे हैं।
‘गोलमाल 5’ में लौटेगा पुराना गैंग
चारों पार्ट की सफलता के बाद अब रोहित शेट्टी ‘गोलमाल 5’ लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े की वापसी तय मानी जा रही है, जिससे फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

