‘मेरा बेटा महीने के 4500 रु कमाता है, बॉलीवुड में आने का कोई शौक नहीं’ — अक्षय कुमार का बड़ा खुलासा
बॉलीवुड के सुपरस्टार Akshay Kumar ने अपने बेटे Aarav Kumar को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने फैंस को चौंका दिया है। जहां आमतौर पर स्टार किड्स फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने की तैयारी करते हैं, वहीं आरव ने बिल्कुल अलग रास्ता चुना है।
फिल्मों से दूरी, फैशन में दिलचस्पी
एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अक्षय कुमार ने बताया कि उनके बेटे को बॉलीवुड में आने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि आरव फैशन इंडस्ट्री में अपना करियर बनाना चाहते हैं और उसी दिशा में मेहनत कर रहे हैं।
अक्षय ने कहा, “हम दोनों में काफी समानताएं हैं। उसे हेल्थ में रुचि है, मुझे भी है। वह बहुत फोकस्ड है, मेहनती है, लेकिन फिल्मों में नहीं आना चाहता। उसका ऐसा कोई प्लान नहीं है।”
4500 रुपये की नौकरी कर रहा है आरव
अक्षय कुमार ने यह भी बताया कि आरव अभी सीखने के दौर में हैं और छोटे स्तर से शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “वो आज भी करीब 4500 रुपये महीने की नौकरी कर रहा है। अच्छी बात है, क्यों नहीं? मेहनत करके सीखना जरूरी है।”
गांवों में जाकर सीख रहे फैशन
अक्षय के मुताबिक, आरव सिर्फ किताबों से नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर फैशन को समझ रहे हैं। वह गांवों में जाकर अलग-अलग तरह के प्रिंट, फैब्रिक और डिजाइन के बारे में सीख रहे हैं।
अक्षय ने यह भी कहा कि वह बेटे को ज्यादा सलाह नहीं देते, लेकिन एक बात जरूर सिखाई है—“किसी को नुकसान मत पहुंचाना।”
लाइमलाइट से दूर रहना पसंद
आरव का जन्म 2002 में हुआ था। वे Twinkle Khanna और अक्षय कुमार के बड़े बेटे हैं। 15 साल की उम्र में ही वह पढ़ाई के लिए विदेश चले गए थे और फिलहाल London में रहकर अपनी शिक्षा और करियर पर ध्यान दे रहे हैं।
कई स्टार किड्स के विपरीत, आरव लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। उनकी छोटी बहन नितारा कभी-कभी ट्विंकल खन्ना के सोशल मीडिया पोस्ट्स में नजर आती हैं।
अलग सोच, अलग रास्ता
जहां एक तरफ बॉलीवुड में स्टार किड्स की एंट्री आम बात है, वहीं आरव का यह फैसला दिखाता है कि वह अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं। अक्षय कुमार भी अपने बेटे के इस फैसले का पूरा समर्थन करते नजर आ रहे हैं।

