12,877 EV खरीदारों को 24 करोड़ की सब्सिडी जारी, दिल्ली-गाजियाबाद के बीच इंटरस्टेट ई-बस सेवा भी शुरू
नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही दिल्ली से गाजियाबाद के बीच इंटरस्टेट ई-बस सेवा की भी शुरुआत की गई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 12,877 लाभार्थियों को कुल 24 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की रुचि और बढ़ेगी।
पिछली सरकार पर साधा निशाना
सीएम रेखा गुप्ता ने पूर्व की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले EV सब्सिडी रोक दी गई थी, जिससे लोगों को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अब बकाया भुगतान अपने बजट से कर रही है और सभी पात्र लोगों को सब्सिडी दी जाएगी।
DTC की हालत में सुधार का दावा
मुख्यमंत्री ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की स्थिति में सुधार का दावा करते हुए कहा कि पहले जहां 65 करोड़ रुपये का घाटा था, वहीं अब निगम धीरे-धीरे मुनाफे की ओर बढ़ रहा है। बेहतर प्रबंधन और वित्तीय अनुशासन से यह बदलाव संभव हुआ है।
दिल्ली-गाजियाबाद के बीच ई-बस सेवा शुरू
इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के नानकसर से गाजियाबाद के पुराने बस अड्डे तक ई-बस सेवा की शुरुआत भी की गई। इससे पहले दिल्ली से सोनीपत, बड़ौत और धारूहेड़ा जैसे रूटों पर भी इंटरस्टेट बस सेवा संचालित की जा रही है।
सीएम ने बताया कि फिलहाल DTC के पास 4300 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें हैं और कुल बसों की संख्या 5100 तक पहुंच गई है। सरकार का लक्ष्य हर महीने नई इलेक्ट्रिक बसें जोड़कर पूरी फ्लीट को इलेक्ट्रिक में बदलना है।
नई EV नीति पर काम जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति पर काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। इसके साथ ही लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नए DTC मुख्यालय का शिलान्यास
कार्यक्रम में नए 12 मंजिला आधुनिक DTC मुख्यालय के निर्माण का शिलान्यास भी किया गया। इसमें आधुनिक सुविधाएं और कमर्शियल स्पेस होंगे, जिससे निगम की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बस हादसों पर जताई चिंता
दिल्ली में बढ़ते बस हादसों पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और ड्राइवरों को सख्त निर्देश दिए कि बसों का संचालन पूरी सावधानी के साथ किया जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

