क्या खतरे में है रणवीर सिंह की सुरक्षा? रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद ‘धुरंधर’ एक्टर को मिली धमकी
फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद मुंबई की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में दहशत का माहौल बन गया है। इसी बीच बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह को एक अनजान नंबर से व्हाट्सऐप पर वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई है। इस वॉइस मैसेज में मुंबई के प्रभादेवी इलाके में स्थित ‘ब्यू मोंडे’ बिल्डिंग का जिक्र करते हुए करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले शख्स ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है।
धमकी मिलने के तुरंत बाद रणवीर सिंह ने पूरे मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने एक्टर के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वॉइस नोट किसने और कहां से भेजा।
रोहित शेट्टी फायरिंग केस से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी। मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी पुणे से मंगाई गई थी। यह गाड़ी पुणे के एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में खरीदी गई थी, जिसे बाद में आरोपियों आदित्य गायकी और समर्थ पोमाजी ने मुंबई के जुहू इलाके में एक तय स्थान पर छोड़ दिया था।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, गाड़ी खरीदने और मुंबई पहुंचाने वाले लोगों को यह जानकारी नहीं थी कि शूटर कौन है। जांच में सामने आया कि शुभम लोनकर ने ही शूटर को गाड़ी उठाने और फायरिंग करने के निर्देश दिए थे। पुलिस का कहना है कि अंडरवर्ल्ड से जुड़े मामलों में अक्सर इसी तरह छोटे-छोटे ग्रुप्स का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि एक ग्रुप को दूसरे के बारे में जानकारी न हो।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है और किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। रणवीर सिंह की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।

