रोजाना कितना कुकिंग ऑयल लेना है सुरक्षित? जानें सब्जी बनाने के लिए कौन-सा तेल है सबसे हेल्दी
भारतीय रसोई में बिना तेल के खाना बनाना लगभग नामुमकिन है। सब्जी हो, दाल का तड़का, स्नैक्स या नॉनवेज—हर चीज़ में तेल जरूरी होता है। तेल न सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाता है, बल्कि यह पकाने की प्रक्रिया में भी अहम भूमिका निभाता है।
हालांकि, जरूरत से ज्यादा तेल का सेवन सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। आज के समय में बढ़ते हार्ट अटैक और हृदय रोगों के मामलों के पीछे गलत डाइट और ज्यादा फैट का सेवन एक बड़ी वजह मानी जा रही है। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि रोजाना कितना तेल खाना सुरक्षित है और कौन-सा तेल सेहत के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है।
एक्सपर्ट की राय क्या कहती है?
डॉ. अजीत वी. कुलकर्णी के मुताबिक, तेल की जरूरत व्यक्ति की उम्र, वजन, शारीरिक गतिविधि और हेल्थ कंडीशन पर निर्भर करती है। लेकिन दिल की सेहत बनाए रखने के लिए तेल का सेवन सीमित और संतुलित होना बेहद जरूरी है। ज्यादा तेल या फैटी फूड से हार्ट डिजीज, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर का खतरा बढ़ जाता है।
रोजाना कितना तेल खाना चाहिए?
स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना केवल 2 चम्मच तेल, यानी लगभग 25–30 मिलीलीटर तेल ही लेना चाहिए।
हफ्ते भर में यह मात्रा 150–170 मिलीलीटर से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
ध्यान रखें कि यह मात्रा सिर्फ खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले तेल के लिए है। बाहर के तले-भुने, बेकरी आइटम और प्रोसेस्ड फूड में मौजूद तेल इस गिनती में शामिल नहीं होते, क्योंकि उनमें पहले से ही काफी फैट होता है।
ज्यादा तेल खाने से क्या नुकसान होते हैं?
- बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा रहता है
- मोटापा और पेट की चर्बी तेजी से बढ़ती है
- हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज का जोखिम बढ़ जाता है
- दिल की धमनियों में ब्लॉकेज की संभावना बढ़ती है
रोजाना कुकिंग के लिए कौन-सा तेल बेहतर?
एक ही तेल लंबे समय तक इस्तेमाल करने की बजाय तेलों का संतुलित मिश्रण अपनाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
- सरसों का तेल या मूंगफली का तेल – रोजाना कुकिंग के लिए अच्छा
- राइस ब्रान ऑयल या सूरजमुखी तेल – कभी-कभी इस्तेमाल किया जा सकता है
- एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल – हल्की कुकिंग, तड़का या सलाद के लिए बेहतर
- घी – सीमित मात्रा में और कभी-कभी ही इस्तेमाल करें
एक्सपर्ट्स की सलाह है कि जहां संभव हो, कोल्ड-प्रेस्ड (अनरिफाइंड) तेल का ही चुनाव करें।
कम तेल में खाना पकाने के आसान तरीके
- नॉन-स्टिक या लोहे के पैन का इस्तेमाल करें
- तेल सीधे बोतल से न डालें, चम्मच से नापकर डालें
- उबालने, भाप में पकाने या एयर फ्राइंग जैसी विधियों को अपनाएं
- बाहर के तले-भुने और जंक फूड से दूरी बनाएं

