‘स्पिरिट’ की रिलीज डेट लॉक, इस दिन दुनियाभर के सिनेमाघरों में तहलका मचाएगी प्रभास–तृप्ति डिमरी की फिल्म
साउथ सिनेमा के रिबेल स्टार प्रभास और सुपरहिट डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मेकर्स ने फिल्म की ऑफिशियल रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह मेगा कॉप ड्रामा 5 मार्च 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा खुद प्रभास ने शुक्रवार, 16 जनवरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्टर शेयर कर किया। पोस्टर के साथ उन्होंने लिखा—
“स्पिरिट 5 मार्च, 2027 को विश्व स्तर पर रिलीज होने के लिए तैयार है।”
पहले लुक से ही बना रखा है क्रेज
एनिमल फेम निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की इस फिल्म ने अपने फर्स्ट लुक पोस्टर के साथ ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। नए साल 2026 पर जारी पोस्टर में प्रभास एक रफ और इंटेंस अवतार में नजर आए थे—लंबे बाल, घायल शरीर और हाथ में व्हिस्की की बोतल। वहीं, तृप्ति डिमरी उनके किरदार के लिए सिगरेट जलाती दिखाई दीं, जिसने दोनों की केमिस्ट्री को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी।
त्योहारों पर रिलीज से बॉक्स ऑफिस पर धमाका तय
‘स्पिरिट’ की रिलीज ईद और महाशिवरात्रि जैसे बड़े त्योहारों के आसपास हो रही है, जिससे फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। माना जा रहा है कि यह फिल्म प्रभास के करियर की सबसे अलग और दमदार फिल्मों में से एक होगी।
एनिमल की ऐतिहासिक सफलता के बाद वांगा की वापसी
संदीप रेड्डी वांगा अपनी पिछली फिल्म ‘एनिमल’ (2023) की ऐतिहासिक सफलता के बाद ‘स्पिरिट’ लेकर आ रहे हैं। रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म ने दुनियाभर में 915 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। ऐसे में ‘स्पिरिट’ से भी दर्शकों को हाई-वोल्टेज एक्शन और इमोशनल ड्रामा की उम्मीद है।
स्टारकास्ट और मेकर्स
‘स्पिरिट’ में प्रभास और तृप्ति डिमरी के अलावा विवेक ओबेरॉय, प्रकाश राज और दिग्गज अभिनेत्री कंचना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, प्रणय रेड्डी वांगा, कृष्ण कुमार और प्रभाकर रेड्डी वांगा ने टी-सीरीज फिल्म्स और भद्रकाली पिक्चर्स के बैनर तले किया है।
यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं में रिलीज की जाएगी, जिससे इसका पैन-इंडिया और ग्लोबल अपील और मजबूत हो जाती है।

