भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने बंगाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग, राहुल गांधी के वोट चोरी आरोपों पर किया पलटवार
देवघर, 16 जनवरी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे शुक्रवार को देवघर पहुंचे, जहां उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार, राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के हालिया बयान समेत कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
बंगाल सरकार पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर हुए हमले को लेकर अश्विनी चौबे ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए ममता बनर्जी संविधान की मर्यादाओं को ताक पर रख रही हैं। ऐसे में केंद्र सरकार को राज्यपाल से रिपोर्ट लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसी सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। अश्विनी चौबे ने दावा किया कि आगामी चुनावों में ममता बनर्जी सत्ता से बाहर होंगी और बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार
राहुल गांधी द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अश्विनी चौबे ने कहा,
“चोर मचाए शोर—यही काम राहुल गांधी कर रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में खुलेआम वोटों की डकैती होती थी, लेकिन उस समय राहुल गांधी और उनके नेताओं को कुछ नजर नहीं आता था। अब जब संवैधानिक प्रक्रिया के तहत काम हो रहा है, तो कांग्रेस वोट चोरी का आरोप लगा रही है।
मधुपुर हिंसा पर सरकार को घेरा
मधुपुर के लालगढ़ स्थित धोबी टोला में हुई हिंसक झड़प को लेकर भी अश्विनी चौबे ने पश्चिम बंगाल सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार का आंख बंद कर बैठ जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। धार्मिक उन्माद फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
निशिकांत दुबे के बयान पर प्रतिक्रिया
भागलपुर में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अश्विनी चौबे ने कहा कि यदि उन्हें लगता है कि भागलपुर का विकास नहीं हुआ है, तो उन्हें एक बार वहां की जनता से पूछना चाहिए।
गौरतलब है कि मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में निशिकांत दुबे ने कहा था कि पिछले 20 वर्षों से भागलपुर का विकास ठप है, जिस पर अश्विनी चौबे के समर्थकों ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

