2026 में वजन कम करने का लिया है संकल्प? इन आम गलतियों से बचें, वरना मेहनत हो सकती है बेकार
आज की बदलती लाइफस्टाइल में मोटापा एक आम समस्या बन चुका है। खराब खानपान, फिजिकल एक्टिविटी की कमी, नींद की कमी, तनाव और जेनेटिक कारणों की वजह से तेजी से वजन बढ़ रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि मोटापा आगे चलकर डायबिटीज, हार्ट डिजीज और हाई बीपी जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। ऐसे में अगर आपने 2026 में वजन कम करने का संकल्प लिया है, तो कुछ आम लेकिन बड़ी गलतियों से बचना बेहद जरूरी है।
वजन कम करने के दौरान इन गलतियों से जरूर बचें
1. खाना छोड़ना नहीं है समाधान
अक्सर लोग वजन कम करने के चक्कर में खाना छोड़ देते हैं, लेकिन यह तरीका नुकसानदायक हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, भोजन छोड़ने से शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे बाद में सामान्य खाना खाने पर भी वजन बढ़ने लगता है। इसके अलावा, ज्यादा भूख लगने से ओवरईटिंग की संभावना भी बढ़ जाती है। वजन कम करने के लिए भोजन छोड़ने के बजाय हेल्दी और बैलेंस्ड डाइट अपनाना ज्यादा जरूरी है।
2. ट्रेंडिंग डाइट प्लान से रहें दूर
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कई डाइट प्लान बिना वैज्ञानिक आधार के लोकप्रिय हो जाते हैं। सिर्फ लिक्विड डाइट या बहुत कम कैलोरी वाली डाइट कुछ समय के लिए असर दिखा सकती है, लेकिन लंबे समय में यह शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि वजन घटाने के लिए सभी जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर, रंगीन और संतुलित डाइट को अपनाएं।
3. हेल्दी चीजों का भी जरूरत से ज्यादा सेवन न करें
ड्राय फ्रूट्स, नट्स, एवोकाडो और साबुत अनाज हेल्दी माने जाते हैं, लेकिन इनका अधिक मात्रा में सेवन वजन बढ़ा सकता है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि हर चीज की एक सीमित मात्रा होनी चाहिए। जरूरत से ज्यादा प्रोटीन या फैट लेने से वजन घटने की बजाय बढ़ सकता है, जैसा कि कई वैज्ञानिक अध्ययनों में भी सामने आया है।
4. बिना प्लान के वजन घटाने की कोशिश
स्पष्ट लक्ष्य और सही योजना के बिना वजन कम करना मुश्किल हो सकता है। क्या खाना है, कब खाना है और कितनी एक्सरसाइज करनी है—इन सबका सही प्लान होना जरूरी है।
5. पूरे फूड ग्रुप को डाइट से हटाना
कार्बोहाइड्रेट या फैट जैसे पूरे फूड ग्रुप को डाइट से हटाना सही तरीका नहीं है। इससे शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो सकती है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है।
6. बहुत कम कैलोरी लेना
बहुत कम कैलोरी लेने से शरीर ‘स्टार्वेशन मोड’ में चला जाता है, जिससे वजन कम होने की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है।
7. वजन घटाने की गोलियों पर भरोसा करना
मार्केट में मिलने वाली वेट लॉस पिल्स नुकसानदायक हो सकती हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के इनका इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
8. सब्जियों और हेल्दी फैट्स को नजरअंदाज करना
कई लोग फैट से डरकर हेल्दी फैट्स और सब्जियों से दूरी बना लेते हैं, जबकि ये वजन घटाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
9. वीकेंड पर पूरी तरह कंट्रोल छोड़ देना
पूरे हफ्ते हेल्दी खाने के बाद वीकेंड पर जरूरत से ज्यादा जंक फूड खाना आपकी मेहनत पर पानी फेर सकता है।
सही तरीका क्या है?
वजन कम करने का सबसे सुरक्षित और असरदार तरीका है—संतुलित आहार, नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और तनाव से दूरी। धीरे-धीरे और टिकाऊ तरीके से वजन घटाना ही सबसे बेहतर विकल्प है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी डाइट या वेट लॉस प्रोग्राम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।

