हिमाचल से सेब लेकर सहारनपुर जा रहा पिकअप लोडर खाई में गिरा, दो लोग गंभीर घायल
देहरादून जिले की विकासनगर तहसील के हरिपुर कोटी–इच्छाड़ी मीनस मोटर मार्ग पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। हिमाचल के रोहडू से सेब लेकर सहारनपुर जा रहा पिकअप लोडर अचानक खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने से हादसा
जानकारी के अनुसार, पिकअप लोडर (संख्या UP11DT6026) सेब से भरा हुआ था और सहारनपुर की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। पत्थरों की चपेट में आने से वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद सेब के बॉक्स चारों ओर बिखर गए। गनीमत रही कि वाहन सीधे टौंस नदी में नहीं गिरा, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस के जरिए उन्हें विकासनगर अस्पताल पहुंचाया गया।
थानाध्यक्ष कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एक घायल, सबरेज, की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान
दोनों घायलों की पहचान वरुण (34 वर्ष) और सबरेज (30 वर्ष), निवासी मिर्जापुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बारिश और भूस्खलन से बढ़ रहा खतरा
उत्तराखंड में इन दिनों लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। पहाड़ी रास्तों पर सफर करना बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। टौंस नदी और खतरनाक खाइयों के किनारे बने इन मार्गों पर कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। पिछले महीने भी इसी मार्ग पर एक अन्य पिकअप वाहन टौंस नदी में गिर गया था, जिसका चालक अब तक लापता है।
इस समय हिमाचल और उत्तराखंड में सेब का सीजन चल रहा है। रोजाना हजारों पेटी सेब यूपी, हरियाणा, दिल्ली और देहरादून की मंडियों में भेजे जा रहे हैं। ऐसे में बारिश और भूस्खलन के बावजूद वाहन चालक जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। सोमवार का यह हादसा भी प्राकृतिक आपदा के चलते हुआ।