दो दिवसीय श्रीलंका दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की पार्टी ने किया स्वागत !
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 अप्रैल से श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। इस यात्रा का श्रीलंका की यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) ने स्वागत किया है। पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की पार्टी यूएनपी ने इसे भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक बताया है। यह मोदी की श्रीलंका की चौथी यात्रा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली बार जून 2019 में श्रीलंका का दौरा किया था, जब रानिल विक्रमसिंघे देश के प्रधानमंत्री थे। यूएनपी के एक बयान में कहा गया कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को और सशक्त बनाएगी। साथ ही, यह जुलाई 2023 में घोषित “भारत-श्रीलंका आर्थिक साझेदारी विजन” को और मजबूती प्रदान करेगी।
यूएनपी ने यह भी याद दिलाया कि श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान भारत ने 4 बिलियन अमेरिकी डॉलर की सहायता दी थी। पूर्व राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने इसे दोनों देशों के बीच मित्रता की गहराई का प्रतीक बताया।
भारत और श्रीलंका के बीच त्रिंकोमाली के पूर्वी बंदरगाह जिले के संयुक्त विकास को लेकर भी चर्चा होगी। इस क्षेत्र को व्यापार, ऊर्जा और समुद्री गतिविधियों का केंद्र बनाने की योजना है।
विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने कहा कि इस यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। इनमें से एक प्रमुख समझौता श्रीलंका के पूर्वोत्तर मन्नार और भारत के दक्षिणी क्षेत्र के बीच समुद्र के नीचे केबल के माध्यम से विद्युत ग्रिड को जोड़ने को लेकर होगा। इससे दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।